रामबन। बारिश के बीच चल रही अमरनाथ यात्रा के काफिले के साथ चल रही टवेरा गाड़ी पर डिगडोल में पहाड़ से एक पत्थर गिर गया। इसकी चपेट में आने से एक श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्रशासन, सेना, पुलिस एवं सीआरपीएफ के जवानों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। घायल श्रद्धालु की पहचान महादेव मालेकर पुत्र पाटिकचंद्रा मालेकर निवासी पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
इस मौके पर उपायुक्त शौकत एजाज भट, एसएसपी अनीता शर्मा, डीएसपी हेडक्वार्टर असगर अली मलिक, एसीआर हरबंस लाल शर्मा और अन्य अधिकारी भी जिला अस्पताल रामबन पहुंचे थे। इसके अलावा जम्मू श्रीनगर-राष्ट्रीय राजमार्ग पर बारिश के कारण सुबह 9 बजे रामबन और बनिहाल सेक्टर में जगह-जगह पहाड़ों से पत्थर गिरने से यातायात प्रभावित हुआ, जिसमें अमरनाथ यात्रा के जत्थे को भी एहतियातन रोकना पड़ा, जिसके बाद प्रशासन द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलबा हटाने का कार्य तेजी से चलाया गया। लगभग तीन घंटे बाद अमरनाथ यात्रा के जत्थे को 12 बजे आगे जाने की इजाजत दे दी गई।
बता दें मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक मानसून के चलते जम्मू व कश्मीर के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जिससे श्री अमरनाथ जी यात्रा पर भी असर पड़ सकता है।