अखनूर। मैरा मेदरिया क्षेत्र में पानी और बिजली की भारी किल्लत पर गुस्साए ग्रामीणों ने मेन रोड पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान एक घंटा तक रोड को जाम रखा।
मैरा मेदरिया तहसील के कार्यालय में गांव मेरा मेदरिया के लोगों ने सामाजिक कार्यकर्ता रतन लाल की अगुवाई में बिजली और पानी की किल्लत दूर करने की मांग पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान मेन रोड पर भी धरना देकर एक घंटा तक वाहनों की आवाजाही रोक दी। ग्रामीण रतन लाल ने कहा कि क्षेत्र में पांच गांवों में कई महीने से पानी की किल्लत है। ग्रामीणों को गर्मी में पीने का पानी के लिए आसपास के गांवों में जाना पड़ता है। ऐसे में क्षेत्र में एक ही ट्यूबवेल है। एक अन्य ट्यूबवेल बन कर तैयार है। इसके बावजूद पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। प्रशासन को चाहिए कि पानी की आपूर्ति के लिए शीघ्र की कदम उठाए जाएं।
पंच पूरन चंद ने बताया कि मेरा मेदरिया में कई महीने से पानी की आपूर्ति कम मात्र में हो रही है। क्षेत्र में बिजली की भी भारी कटौती हो रही है। अगर शीघ्र ही क्षेत्र में इन दोनों समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो व्यापक आंदोलन करेंगे। इस मौके पर सिकंदर दास, साई दास, रवि कुमार सहित अन्य मौजूद थे।
-----
ग्रिड स्टेशन पर पहुंच कर किया प्रदर्शन
- उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
अरनिया। लो वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती से त्रस्त स्लेहड़ के लोगों ने वीरवार को ग्रिड स्टेशन पर पहुंच कर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने ग्रिड स्टेशन में अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग विभाग से की।
स्थानीय सरपंच दर्शना देवी की अगुवाई में करीब डेढ़ सौ ग्रामीण ग्रिड स्टेशन पर पहुंच कर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। सरपंच दर्शना ने बताया कि स्लेहड़ ग्रिड में 2.63 एमबीए का ट्रांसफार्मर लगाया गया है। आबादी और लोड के मुताबिक इसकी क्षमता काफी कम है। इसके चलते रोज अघोषित कटौती और लो वोल्टेज की समस्या रहती है। यहां पर 10 एमबीए का ट्रांसफार्मर तुरंत लगाकर समस्या का समाधान किया जाए। प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए ग्रिड स्टेशन पर पुलिस कर्मी भी पहुंच गए थे।