बिश्नाह। कस्बे में चल रही बिजली की भारी कटौती से गुस्साए विद्यार्थियों ने वीरवार की करीब दस बजे बिजली कार्यालय का घेराव कर किया और जमकर प्रदर्शन किया। छात्रों का नेतृत्व रकीज शर्मा कर रहे थे।
कार्यालय का घेराव करते समय वहां विभाग का कोई बड़ा या छोटा कर्मचारी मौजूद नहीं था। इससे प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों का गुस्सा और भड़क गया और उन्होंने कार्यालय में ताला जड़ दिया और चाभी तहसीलदार रमण कुमार को जाकर सौंप दी। प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि रात के बारह बजे के बाद बिजली बंद कर दी जाती है। यह विवाद जानबूझकर किया जा रहा है। उन्होंने इस मौके पर राजनीतिक दलों को भी इसके लिए दोषी ठहराया। कहा कि वोटों की राजनीति की जाती है। जनता की परेशानी दूर करने के लिए कोई नहीं आता। दोपहर एक बजे तक सभी बिजली कार्यालय में ही डटे रहे। छात्रों का कहना है कि अगर एक-दो दिन के अंदर अंदर बिजली कटौती पर लगाम नहीं लगा तो विभाग के कार्यालय का घेराव किया जाएगा।