पुंछ। वीरवार को जिले को कश्मीर से जोड़ने वाली ऐतिहासिक मुगलरोड पर दिन भर रुक-रुक कर बर्फबारी होती रही। मौसम विभाग की तरफ से अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रहने की भविष्यवाणी के चलते शाम को मुगलरोड को यातायात के लिए बंद कर दिया गया। इसके साथ ही पुलिस एवं यातायात पुलिस की तरफ से पुंछ एवं राजोरी जिले के लोगों को अगले आदेश तक मुगलरोड की तरफ रुख न करने के लिए कहा गया है।
एसएसपी पुंछ राजीव पांडे ने बताया कि सुबह से हो रही बर्फबारी और खराब मौसम को देखते हुए एहतियातन शाम पांच बजे के बाद मुगलरोड को सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया। कश्मीर की तरफ जाने वाले किसी भी प्रकार के वाहन को सूरनकोट के आगे जाने की इजाजत नहीं है। गौरतलब है कि गत वर्ष मुगलरोड पर अचानक बर्फबारी शुरू हो जाने के कारण कश्मीर की तरफ से सूरनकोट आ रहे करीब 50 छोटे-बडे वाहनों में सवार 200 से ज्यादा लोग बीच रास्ते मेें फंस गए थे। बाद में पुलिस एवं सेना ने कडे़ प्रयास के बाद करीब छह घंट तक अभियान चला कर उन्हें बर्फ से निकाल कर सूरनकोट पहुंचाया था।