उधमपुर/पंचैरी।पंचैरी तहसील के कट्टी गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गए महिला के मामले में महिला की मां और भाई ने दामाद पर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि जिस स्थान पर उनकी बेटी का शव बरामद हुआ है, वहां किसी के डूबने की संभावना ही नहीं है। पुलिस इसकी जांच सख्ती से करे और सच्चाई सबके सामने लाए।
गौरतलब है कि रविवार को शानो देवी (27) का शव घर से कुछ दूर स्थित तालाब से संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ था। महिला की ससुराल वालों का कहना है कि रविवार की सुबह जल्दी उठ कर शानो मवेशी के कमरे में चली गई थी। पति दुकान पर सामान लेने के लिए चला गया था। गांववासियों ने घर से कुछ दूरी पर बने पानी के छोटे से तालाब में शव देखा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएचसी लांदर भेज दिया था, लेकिन पीएचसी लांदर में एमबीबीएस डाक्टर न होने के कारण शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएचसी पंचैरी में पहुंचाया। सोमवार को पोस्टमार्टम के दौरान शानो देवी की मां और भाई ने बताया कि दो माह पहले पति गिरधारी लाल ने शानो पर तेज धार हथियार से हमला करके मारने का प्रयास किया था। जब मामला पुलिस स्टेशन पहुंचा तो माफी मांग कर मामला रफा-दफा कर दिया गया। अब अचानक उनको शानो देवी की मौत की सूचना दी गई है। उनको पूरा यकीन है कि पति ने ही शानो देवी की हत्या की है। पुलिस ने धारा 174 के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।