राज्यपाल एनएन वोहरा के अभिभाषण के साथ ही राज्य विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू होगा। सत्र छह फरवरी तक चलेगा। राज्य का बजट 10 जनवरी को पेश किया जाएगा।
राज्यपाल के अभिभाषण के बाद तीन जनवरी को इस पर चर्चा होगी। चार से आठ जनवरी तक सत्र नहीं चलेगा। 9 जनवरी को अभिभाषण पर मुख्यमंत्री धन्यवाद प्रस्ताव देंगीं। बजट पर चर्चा 10 और 11 जनवरी के बजाय 11 और 12 जनवरी को होगी। 13 जनवरी को लोहड़ी का अवकाश रहेगा।
इसके बाद ग्रांट पर चर्चा होगी। विधान परिषद की कार्यवाही सात फरवरी तक चलेगी। बजट सत्र के लिए 63 विधायकों ने 1154 सवाल दिए हैं। इनमें 623 तारांकित तथा 531 अतारांकित प्रश्न हैं। विधायकों ने 101 प्रस्ताव और 13 प्राइवेट मेंबर बिल दिए हैं। लंबित बिजनेस के तहत 22 बिल पेश किए जाने हैं और 6 बिल पर विचार किया जाना है।
विधान परिषद में लगभग 454 सवाल सदस्यों की ओर से दिए गए हैं। विधानसभा अध्यक्ष कवींद्र गुप्ता ने बताया कि बजट सत्र की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी दलों से आग्रह किया गया है कि वे सदन को शांतिपूर्ण रूप से चलने दें। प्रश्नकाल को बाधित न करें, ताकि जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो सके।