राजोरी। जिला निर्वाचन अधिकारी राजोरी एवं डीसी मोहम्मद एजाज असद ने जिले में चुनाव तैयारियों की समीक्षा के लिए चुनाव से जुड़े अधिकारियों के साथ एक बैठक आयोजित की। इसमें मतदान केंद्रों पर न्यूनतम सुविधाएं सुनिश्चित के प्रावधान, आदर्श आचार संहिता के कार्यान्वयन, संचार योजना, परिवहन योजना, सुरक्षा योजना, मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण और स्वीप गतिविधियों जैसे मुद्दों को लेकर चर्चा की गई। उन्होंने आम चुनाव 2019 के सुचारु और परेशानी मुक्त संचालन के लिए सभी मतदान केंद्रों पर बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता पर भी चर्चा की। इस दौरान ऐसे मतदान केंद्रों की संख्या के बारे में बताया गया जो बिजली, पेयजल, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं से रहित हैं। अधिकारियों ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कार्य प्रगति पर है। पीएचई विभाग की ओर से पेयजल सुविधा को एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध करवा दिया जाएगा।
वीडियो निगरानी दलों का गठन
आदर्श आचार संहिता को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए डीसी ने बताया कि वीडियो निगरानी दल, वीडियो देखने वाली टीमें और फ्लाइंग स्क्वायड बनाए गए हैं। स्वीप के नोडल अधिकारी ने बताया कि 1200 आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया गया है। कला, संस्कृति एवं भाषा अकादमी के सहयोग से विभिन्न स्थानों पर विशेष जागरुकता शिविर और नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जा रहे हैं।