कठुआ। बिलावर-फिंतर मार्ग पर वीरवार की सुबह सूमो-बाइक भिड़ंत में दंपति को चोट लगी। घायलों को उपचार के लिए उप जिला अस्पताल बिलावर पहुंचाया गया, जहां पर उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घायलों में मोहम्मद लतीफ और उनकी पत्नी नगीना बेगम निवासी लाड़ी बिलावर के नाम शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार फिंतर चौक के पेट्रोल पंप के बाहर टाटा सूमो (जेके02के-0625) और बाइक (जेके02एए-3942) में टक्कर हो गई। मोटरसाइकिल चालक अपनी गर्भवती बीवी को लेकर कहीं जा रहा था। मोटरसाइकिल में पेट्रोल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप की तरफ मुड़ने लगा कि कभी तभी पीछे से आ रही सूमो ने बाइक को टक्कर मार दी। गति पर नियंत्रण न होने के कारण बाइक पेट्रोल पंप पर लगे बोर्ड से जा टकराई। मोटरसाइकिल चालक और उसकी बीवी की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना का वीडियो पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो चुका है। पुलिस ने भी मामला दर्ज कर लिया है।