बसोहली। सब डिवीजन के बिजली कर्मचारियों के साथ हाथापाई के दो अलग-अलग मामलों से कर्मचारियों में रोष है। उन्होंने शनिवार को विभागीय कार्यालय में धरना देकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि चौबीस घंटे के भीतर दो अलग-अलग मामलों में बिजली कर्मचारियों के साथ अभद्रता और हाथापाई की गई। इस संबंध में उन्हाेंने अतिरिक्त जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है।
बिजली कर्मचारियों ने बताया कि पहले मामले में बसोहली के पंतेड, ख्लो इलाके में लाइनमैन के साथ स्थानीय व्यक्ति द्वारा हाथापाई की गई जिसे आसपास के लोगों की मदद से छुड़ाया गया। वहीं दूसरे मामले में विभाग के सांधर, समान, जंदरोटा फीडर के प्रभारी जूनियर अभियंता के साथ एक व्यक्ति ने बिजली कार्यालय में आकर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए हाथापाई की। उन्होंने अधिकारी को भेजे गए ज्ञापन में जहां आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाने की मांग की है। यह भी बताया है कि इस तरह के मामलों से विभाग को राजस्व वसूलने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
एडीसी बसोहली संजय गुप्ता का कहना है कि इस बारे मे थाना प्रभारी को निर्देश जारी किए गए हैं और मामले की जांच की जाएगी।