जम्मू। लद्दाख संभाग से लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध एन-32 कारगिल कूरियर सर्विस ने शुक्रवार को 146 लोगों को श्रीनगर और जम्मू पहुंचाया। डायरेक्टर डिजास्टर मैनेजमेंट आमिर अली ने बताया कि कारगिल से श्रीनगर और कारगिल से जम्मू तक लोगों को सफलता पूर्वक पहुंचा दिया गया है।
उन्होंने बताया कि 50 यात्रियों को श्रीनगर से कारगिल और 25 को कारगिल से श्रीनगर पहुंचाया गया। 48 यात्रियों को जम्मू से कारगिल और 23 को कारगिल से जम्मू पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि लद्दाख संभाग के दोनों जिले कारगिल और लेह तक आने वाला रास्ता श्रीनगर लेह नेशनल हाईवे पिछले वर्ष दिसंबर में ज्यादा बर्फबारी की वजह से बंद हो गया है। यह रास्ता अक्सर पांच से छह महीनों के लिए बंद रहता है। जिसके बाद लोगों को इलाके तक पहुंचाने के लिए विभाग प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में जनवरी माह तक चार सौ लोगों को यह कूरियर सर्विस दी जा चुकी है।