पाक गोलाबारी से आईबी तथा एलओसी पर आए दिन ग्रामीणों को होने वाली परेशानियों से बचाने के लिए 14400 बंकरों का निर्माण किया जाएगा। इस पर 415.73 करोड़ रुपये खर्च आएगा। यह जानकारी विधानसभा में मुख्यमंत्री तथा गृहमंत्री महबूबा मुफ्ती ने भाजपा विधायक चौधरी सुखनंदन के प्रश्न के जवाब में दी।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इन बंकरों के निर्माण के लिए दिसंबर में मंजूरी दी है। वहीं निर्माण से पहले औपचारिकताएं पूरी करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। मंत्रालय ने राज्य सरकार से सीमा से पांच किलोमीटर की दूरी वाले स्थानों के लिए बिल्डिंग मानकों को स्पष्ट करने को भी कहा है।
साथ ही वर्तमान बार्डर आउट पोस्ट (बीओपी) से सबसे नजदीक वाले इलाकों में बंकर निर्माण को प्राथमिकता देने को कहा है। दूसरी शर्त यह है कि बंकर बार्डर से तीन किलोमीटर दूर वाले इलाकों में ही बनाए जाएं।
पहली प्राथमिकता में एक किलोमीटर, दूसरी एक से दो किलोमीटर तथा तीसरी में दो से तीन किलोमीटर वाले इलाकों में निर्माण होगा। केंद्र सरकार की ओर से इसके निर्माण पर खर्च होने वाली राशि सुरक्षा संबंधी व्यय से जारी की जाएगी, क्योंकि यह लोगों के राहत तथा पुनर्वास से जुड़ा मसला है।
सभी बंकर केंद्रीय एजेंसी-सीपीडब्ल्यूडी तथा एनबीसीसी की ओर से बनाए जाएंगे। एक अन्य प्रश्न के लिखित जवाब में बताया कि जम्मू जिले में तीन करोड़ की लागत से 60 बंकरों का निर्माण करवाया गया है।