कश्मीर में भारी बर्फबारी के बाद रेल सेवा भी बुरी तरह से प्रभावित हुई है। रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म बर्फ से पूरी तरह से ढक चुके हैं। इसी कारण रेलवे को बुधवार को 13 ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार भारी बर्फबारी के बावजूद रेल सेवा को बहाल तो कर दिया है, लेकिन सभी ट्रेनों को चलाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कश्मीर में मंगलवार से बर्फबारी जारी है और बुधवार को ज्यादा बर्फबारी होने के बाद रेल सेवा प्रभावित हुई है। कश्मीर में कुल 28 ट्रेनें बनिहाल से बारामुला तक चलती है, जिनमें हर रोज करीब 30 हजार यात्री सफर करते हैं।
घाटी में बर्फबारी के बाद रेल सेवा लाइफ लाइन की तरह काम करती है, लेकिन बुधवार को रेल सेवा भी प्रभावित हुई है, जिसके कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। सुबह के समय कुछ ट्रेनों को चलाया गया, लेकिन दोपहर के समय भारी बर्फबारी के बाद ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई। ट्रेनों की आवाजाही को सुचारु रूप से चलाने के लिए रेलवे कर्मचारी दिन भर जुटे रहे।
चीफ एरिया मैनेजर कश्मीर ने बताया कि भारी बर्फबारी के कारण बुधवार को केवल 15 ट्र्रेनों को ही चलाया जा सका है। वीरवार को अगर मौसम में सुधार होगा तो सभी ट्रेनें चला दी जाएंगी, नहीं तो फिर से कुछ ट्रेनों को रद्द करना पडे़गा।