उधमपुर/पंचैरी। लटियार व लांदर से कट्टी तक यात्री वाहन चलाने की मांग को लेकर कट्टी गांव के ग्रामीणों ने सोमवार को पंचैरी में तहसीलदार के कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। दो दिन के अंदर यात्री वाहन न चलने पर ग्रामीणों ने मार्ग बंद कर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी।
दोपहर करीब 12 बजे ग्रामीणों ने करतार सिंह के नेतृत्व में तहसीलदार के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान संसार सिंह, त्रिलोक चंद, बबली देवी व अन्य ग्रामीणों ने बताया कि करीब दस वर्ष पहले कट्टी तक पीएमजीएसवाई के तहत सड़क का निर्माण किया गया था। 2014 में सड़क पर तारकोल डाल कर पक्का किया। सड़क बनने के बावजूद आज तक कट्टी गांव तक बस, मेटाडोर व अन्य यात्री वाहन नहीं चलाया गया है। जब भी एआरटीओ से इस रूट पर बस चलाने की मांग करते हैं, तो जल्द वाहन चलाने की मंजूरी देने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन कोई भी इसको लेकर कुछ भी काम नहीं कर रहा है। ग्रामीणों को आज तक सड़क का पूरा लाभ नहीं मिला है। पंचैरी, उधमपुर तक पहुंचने के लिए ग्रामीणों को पहले कट्टी से लटियार या फिर लांदर तक पैदल सफर करना पड़ता है और फिर उनकेे यात्री वाहन मिलता है। इसी कारण बच्चों को स्कूल जाने के लिए हर रोज कई किलोमीटर का सफर पैदल तय करना पड़ता है। जब कोई बीमार हो जाता है तो उसको अस्पताल तक पहुंचाने के लिए कई किलोमीटर का सफर पैदल तय करना पड़ता है। कई बार अपनी मांग व परेशानी को जिला प्रशासन के अधिकारियों के सामने रखा है, लेकिन सिवाए आश्वासनों के कुछ भी हासिल नहीं हुआ है। एक बार फिर ज्ञापन सौंप कर तहसीलदार के सामने मांग रख रहे हैं। अगर अब दो दिन में मांग पूरी नहीं हुई तो आने वाले समय में मार्ग बंद कर प्रदर्शन किया जाएगा।