अंतरराष्ट्रीय हाफ मैराथन में रविवार को श्रीनगर में जमकर बवाल हुआ। इसके खिलाफ युवाओं ने जमकर प्रदर्शन किए। प्रदर्शनकारियों ने मौके पर तैनात सुरक्षाबलों पर पथराव किया।
इस दौरान पथराव कर रहे लोगों को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षाबलों को लाठीचार्ज तथा आंसू गैस के गोले दागने पडे़। प्रदर्शनकारियों ने भारत विरोधी नारेबाजी की और पाकिस्तान के झंडे लहराए।
मैराथन में भाग लेनी आई महिला खिलाड़ियों से छेड़छाड़ भी की गई। इस मामले में 12 युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार छेड़छाड़ का मुकदमा नगीन थाने में दर्ज किया गया है।
सुरक्षा कारणों से पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला इसमें भाग नहीं ले सके। पुलिस के अनुसार मैराथन को हरी झंडी दिखाने के बाद आयोजन स्थल पर युवाओं तथा सुरक्षाबलों के बीच संघर्ष शुरू हो गया। पथराव कर रहे युवाओं को खदेड़ने के लिए आंसू गैस छोड़ना पड़ा।
15 हजार खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया
डल झील को बचाने की खातिर आयोजित मैराथन कश्मीर विश्वविद्यालय से शुरू हुई। पीएचई एवं सिंचाई मंत्री सुखनंदन कुमार ने हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना किया। बताते हैं कि मैराथन में 15 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों सहित 15 हजार खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
भीड़ के बीच ही कुछ शरारती तत्व घुस आए थे। उन्होंने महिला खिलाड़ियों के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दिया। इससे स्थिति बिगड़ने लगी। इसी दौरान भीड़ में से कुछ युवकों ने मौके पर तैनात सुरक्षाबलों पर पथराव शुरू कर दिया।
इसके साथ ही भारत विरोधी नारेबाजी करते हुए पाकिस्तान के झंडे लहराए। पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। इससे वहां अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। महिला खिलाड़ियों को लेकर उनके अभिभावक सुरक्षित बच निकलने को दौड़ते हुए देखे गए। पूरे इलाके में भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।
डल को बचाने की खातिर यह दौड़
पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ट्विटर पर ट्वीट किया है कि डल को बचाने की खातिर यह दौड़ थी। इसमें भी राजनीति घुस आई। पीडीपी ने मैराथन के दौरान महिला खिलाड़ियों से छेड़छाड़ की निंदा की है।
मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार तथा पीडीपी यूत विंग के नेता वहीद पारा ने कहा कि छेड़छाड़ की कई शिकायतें मिली हैं जो निंदनीय हैं। यह कार्यक्रम विशुद्ध रूप से गैर राजनीतिक था।
इसमें किसी राजनीतिज्ञ को आमंत्रित नहीं किया गया था। स्वेच्छा से पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला तथा उन्होंने प्रतिभाग करने के लिए पंजीकरण कराया था।