सुजवां के सरकारी हॉयर सैकेंडरी स्कूल में 11वीं कक्षा के परीक्षा पर्चे चोरी होने का मामला सामने आया है। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और जांच शुरू कर दी है।
घटना सोमवार और मंगलवार के मध्यरात्रि की बताई जा रही है। यहां स्कूल के कमरों के ताले तोड़ कर पर्चे चुराए गए। कई विषयों के पर्चे चोरी होने की सूचना है। वहीं जांच के दौरान पुलिस ने कई लोगों से पूछताछ की है, लेकिन अभी तक यह पता नहीं लग पाया है कि पर्चे किसने चोरी किए हैं।
जानकारी के अनुसार स्कूल में 11वीं कक्षा की परीक्षाएं चल रही हैं। मंगलवार सुबह जब स्कूल प्रबंधन के लोग पर्चे देखने पहुंचे तो देखा कि कमरे के ताले तोड़े गए है। यहां से कई पर्चे गायब हो चुके हैं।
स्कूल प्रबंधन ने पर्चों को स्थगित कर दिया है। इसके बाद स्कूल प्रबंधन की ओर से भठिंडी चौंकी में शिकायत दर्ज कराई गई। इसके बाद मामला त्रिकुटा नगर थाने के हवाले कर दिया।
एसएचओ त्रिकुटा नगर नवीन अंग्राल का कहना है कि स्कूल प्रबंधन की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अभी इसकी जांच कर रही है। अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि इसमें स्कूल के लोग शामिल हैं या बाहर के।
पुलिस बहुत जल्द चोरी करने वालों को सामने लाएगा। वहीं स्कूल प्रबंधन ने भी अपने स्तर पर इसकी जांच शुरू कर दी है। स्कूल के कई बच्चों और शिक्षकों से इसे लेकर पूछताछ की जा रही है।