कठुआ/बनी। एक बार फिर गुरु-शिष्य का रिश्ता तार-तार करने का मामला सामनेे आया है। पुलिस ने जिले की दूरदराज बनी तहसील में सोलह वर्षीय नाबालिग से बलात्कार का मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक युवती के पिता ने पुलिस में इस संबंध में शिकायत की जिसके बाद बनी थाने में आरपीसी की धारा 376 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बनी थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता के पिता ने बताया है कि शनिवार को वह अपने पैतृक गांव गया हुआ था। वहां से वह रात ग्यारह बजे के लगभग घर वापस लौटा। उसने देखा कि कोई व्यक्ति उसके घर में घुसा हुआ था और भनक लगते ही भागने लगा। इस पर उसने शोर मचाना शुरू कर दिया, लेकिन जब तक लोग आते वह फरार हो गया। शिकायतकर्ता नाबालिग लड़की के पिता ने बताया कि उसकी बेटी से पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी संजय कुमार निवासी कांथल पीड़िता के साथ जनवरी से मार्च तक शारीरिक संबंध बनाता रहा है। नाबालिग लड़की आरोपी के पास ट्यूशन पढ़ती थी। पुलिस ने बताया कि सोमवार को नाबालिग का मेडिकल करवाया जाएगा। पुलिस टीम आरोपी को पकड़ने के प्रयास में जुट गई है।