उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में हुए एक भीषण सड़क हादसे में ग्यारह लोगों की मौत हो गई है। यह हादसा साधना टॉप के पास हुआ है। इस हादसे में एक लड़के समेत ग्यारह लोगों के मारे जाने की खबर है। यह घटना शाम 7.30 बजे के आस-पास की बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक यात्रियों से भरी एक टाटा सूमो कुपवाड़ा से करनाह जा रही थी तभी साधना टाप के पास सूमों का ड्राइवर अपना संतुलन खो बैठा और सूमों सैंकडों फीट गहरी खाई में जा गिरी। सूत्रों के मुताबिक कार में सवार लगभग सभी लोगों की मौत हो गई है। हालांकि इसकी अभी तक अधिकारिक रुप से पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस और रेस्क्यू टीम घटना स्थल पर पहुंच गई है। खाई में गिरी कार को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। इस भीषण हादसे में मारे गए सभी लोगों के प्रति रियासत के मुख्यमंत्री मु्फ्ती मोहम्मद सईद ने शोक प्रकट किया है।