सिटी थाना अंतर्गत रेजीडेंसी रोड स्थित इलेक्ट्रानिक्स शोरूम के मालिक पर लोहे की राड से हमला करने के आरोप में टीआरसी के मैनेजर सहित पंद्रह लोगों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया गया है। मारपीट में प्रमुख रूप के तौर पर मैनेजर इमनान मोहम्मद का नाम रखा गया है। इसके अलावा अन्य लोगों में ठेकेदार, सिक्योरिटी गार्ड और क्वार्टर में काम करवा रहे अन्य लोग भी शामिल हैं। मारपीट के इस मामले में पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को रेजीडेंसी रोड स्थित इलेक्ट्रानिक्स शोरूम के मालिक जोगिंद्र गुप्ता और टीआरसी के मैनेजर व क्वार्टर में काम करवा रहे लोगों के बीच विवाद हो गया। मामला क्वार्टर के बाथरूम से पानी लीकेज होकर शोरूम में आने का था। इस बात को लेकर कई बार जोगिंद्र गुप्ता ने टीआरसी के अधिकारियों को जानकारी दी थी, बावजूद उनकी इस बात पर कोई गौर नहीं किया गया। शुक्रवार को एक दफा और कहने पर टीआरसी के मैनेजर और उनके कुछ साथियों ने मारपीट शुरू कर दी।
लोहे के राड के साथ जोगिंद्र गुप्ता की टांग पर हमला किया तो उनकी टांग टूट गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग शोरूम पहुंचे और जोगिंद्र को जीएमसी में भर्ती करवाया। इसके साथ ही पुलिस को शिकायत दे दी। पुलिस ने मैनेजर सहित पंद्रह लोगों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कर लिया है।