उधमपुर: एसपीएम कॉन्वेंट स्कूल के बच्चे पर्यावरण दिवस के उपलक्ष पर योगा करते हुए.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। विश्व पर्यावरण दिवस पर शहर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। इसमें विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं के अतिरिक्त समाजसेवी संस्थाओं ने कई गतिविधियों का आयोजन कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक किया।
एसपीएम कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल ने इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे रोपे। इसमें स्कूल के 75 से अधिक स्काउट और गाइड सदस्यों ने भाग लिया। स्काउट्स एंड गाइड्स ने आगामी मानसून में उधमपुर के विभिन्न क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण को बचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में सरपंच मणि राम, बंसी लाल शर्मा (स्कूल के अध्यक्ष), कल्याण देव सिंह (स्कूल के प्रबंध निदेशक) भी उपस्थित थे। इस मौके पर स्काउट्स एंड गाइड्स ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, देशभक्ति गीत, भाषण, आदि प्रस्तुत किए। इसी तरह भारतीय विद्या मंदिर हाई स्कूल नैनसू में पौधरोपण कर विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया।
इसमें मुख्य अतिथि मुकेश कुमार (सह प्रांत प्रचारक जम्मू-कश्मीर) के साथ प्रिंसिपल रेणु शर्मा और स्कूल के शिक्षकों व छात्रों ने भाग लिया। प्रधानाचार्य ने कहा कि पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करने और पृथ्वी ग्रह की रक्षा के महत्व के लिए दुनिया भर में हर साल 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है। उन्होंने छात्रों को प्रोत्साहित किया कि पर्यावरण हमारे लिए एक उपहार है। इसे बचाएं और सुरक्षित करें।