उधमपुर। बीपीएल राशन कार्ड बनाने की मांग को लेकर चिनैनी के कुछ लोग बुधवार को शहर स्थित एडी कार्यालय पहुंचे। लोगों ने बताया कि वह सभी गरीब परिवार से है, लेकिन उनके राशन कार्ड एपीएल बना दिए गए हैं। कई बार अपनी परेशानी को टीएसओ के सामने रखी है, लेकिन उनकी तरफ से परेशानी को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। इसलिए आज सभी ने अपनी मांग को एडी व प्रशासन के सामने रखा है।
माया देवी के नेतृत्व में कुछ महिलाएं अपनी परेशानी लेकर शहर पहुंची। माया देवी ने बताया कि चिनैनी तहसील के अंदर बहुत गलत तरीके से राशन कार्ड बनाए गए हैं। गरीब परिवारों के राशन कार्ड एपीएल बना दिए गए हैं, जबकि आर्थिक रूप से मजबूत लोगों के कार्ड बीपीएल बना दिए गए हैं। बीपीएल राशन कार्ड न होने के कारण गरीब परिवारों को मुफ्त राशन के साथ कई तरह की सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। महंगे दामों पर राशन खरीदने को मजबूर हैं। वहीं उनका हक ऐसे लोगों को दिया जा रहा है जोकि पहले ही आर्थिक रूप में अच्छे हैं। यह सब टीएसओ की गलती से हुआ है। जब इस परेशानी को टीएसओ के सामने रखते हैं तो वह परेशानी को दूर करने से पूरी तरह से इनकार कर देता है। कई बार तो उनको बिना बात किए ही घर भेज दिया जाता है। उनकी परेशानी दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है और इसलिए आज सभी अपनी परेशानी लेकर शहर आए हैं। उम्मीद है कि अब एडी व जिला प्रशासन के अधिकारी इस परेशानी को दूर करने के लिए कुछ प्रयास करेंगे। इस मौके पर राधा देवी व अन्य महिलाएं मौजूद थीं।