छह साल में भी पुल तैयार नहीं होने पर सयुना के लोगों में गुस्सा भड़क गया। सोमवार को डीसी कार्यालय के बाहर लोगों ने पीडब्ल्यूडी के खिलाफ प्रदर्शन किया। पुल का काम अटके होने के कारण विभाग के खिलाफ लोगों ने जमकर नारेबाजी की।
सयुना की सरपंच सृष्टा देवी ने कहा कि छह साल पहले लोक निर्माण विभाग ने पुल के निर्माण का काम शुरू किया गया था। पर ठेकेदार की लापरवाही के कारण कई बार काम को बीच में ही बंद कर दिया गया। इसको लेकर कई बार विभाग के आला अधिकारियों से बात की गई।
अधिकारी मौके पर भी आए पर तमाम विभागीय आदेशों के बाद भी पुल का काम शुरू नहीं हो पाया। उन्होंने बताया की गांव में महिलाओं ने 26 सेल्फ हेल्प ग्रुप चलाए जा रहे हैं, पर पुल नहीं होने से महिलाओं को एक गांव से दूसरे गांव में जाने में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे पैंथर्स नेता धनी राम अत्री ने कहा कि लोगों को पुल बनने का इंतजार सालों से है। पर विभागीय लारवाही के कारण लोगों को दिक्कतें हो रही हैं। जहां एक तरफ प्रोजेक्ट राहत के तहत जिले में सैकड़ों पुलों का निर्माण किया जा रहा है, वहीं इस पुल का काम वर्षों से रुका है। प्रदर्शनकारियों ने विभाग को चेतावनी दी है कि यदि जल्द पुल का काम शुरू नहीं किया गया तो वह परिवार सहित कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करेंगे।