उधमपुर। मंगलवार रात से शुरू हुई बारिश बुधवार को भी दिनभर रुक-रुक कर जारी रही। इससे जहां तापमान में गिरावट आई है वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और शहर की नालियों व गलियों में जलभराव हो गया है। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। कई स्थानों पर जल निकासी का उचित प्रबंध नहीं होने से घरों व दुकानों में पानी घुसने से काफी नुकसान हुआ है।
इसके अतिरिक्त लगातार बारिश की वजह से विभिन्न संपर्क मार्गों पर पस्सियां गिरने से यातायात प्रभावित रहा है। गौरतलब है कि पिछले दो दिन से जिले में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। इससे शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में आम जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। लोगों को आनेजाने को लेकर काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में नदी नालों का जलस्तर बढ़ने के साथ ही पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिरमा पुल का एक हिस्सा फिर से क्षतिग्रस्त हो गया है।
हालांकि दोपहर 12 बजे से लेकर दो बजे तक बारिश थम गई थी, जिससे बाजारों में कुछ समय के लिए रौनक देखने को मिली। लेकिन दो बजे के बाद फिर से बारिश होने का सिलसिला शुरू हो गया। इससे नगर के एमएच चौक की ओर जाने वाली सड़क सहित दोमेल चौक, कल्लर तथा सतैनी इत्यादि इलाकों में जलभराव की समस्या देखने को मिली। इसके आलावा सीवरेज कार्य के लिए उखाड़ी गई गलियों व सड़कों पर कीचड़ व फिसलन बढ़ गई है।