उधमपुर। जलशक्ति विभाग के अस्थायी कर्मचारियों ने सोमवार को 12वें दिन भी हड़ताल को जारी रखा और सरकार की कार्यप्रणाली पर निशाना साधा। वहीं हड़ताल के कारण शहर व ग्रामीण इलाकों में लोगों को सोमवार को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर तो लोगों को करीब सप्ताह से पानी की सप्लाई नहीं मिली है।
जलशक्ति विभाग के अस्थायी कर्मचारियों की हड़ताल के कारण करीब 11 दिन से जिले में पानी की सप्लाई बुरी तरह से प्रभावित है और अब यह दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। सोमवार को भी जिले के शहर व ग्रामीण इलाकों में लोगों को पानी की सप्लाई नहीं मिलने परेशानियों का सामना करना पड़ा।
पानी के लिए लोगों को बावलियों पर जाने पड़ रहा है। इसके साथ जल स्रोतों से भी पानी लाने को मजबूर हैं। इसके साथ शहर में लोगों को पानी के टैंकर मंगवा कर गुजारा करना पड़ रहा है। वहीं जलशक्ति विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि सरकार की तरफ से मांगों की तरफ ध्यान न दिए जाने के कारण बार बार हड़ताल को आगे बढ़ाना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को जिले के विभिन्न हिस्सों से कर्मचारी उधमपुर शहर में एकजुट होकर जिला स्तर का प्रदर्शन करेंगे और सरकार को होश में लाने का प्रयास करेंगे।