रुपयों के लेनदेन के मामले में शुक्रवार को कुछ युवकों में हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान चार युवक जख्मी हो गए। एक-दूसरे के कपड़े फाड़ डाले। दांत काट लिए। काफी देर तक चलते रहे झगड़े को लोगों ने छुड़ाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वे मान नहीं रहे थे। वहां काफी भीड़ जमा हो गई। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस को हलका लाठी चार्ज कर भीड़ को तीतर-बितर करना पड़ा।
बताया जाता है कि शुक्रवार दोपहर को स्पोर्ट्स स्टेडियम में कुछ युवकों की आपस में बहसबाजी हो रही थी जो कि बाद में मारपीट तक जा पहुंची। इस दौरान पेशे से ड्राइवर और क्लीनर युवक लड़ते-झगड़ते हुए पहले लारी अड्डा के बाहर तथा बाद में उसके सामने बनी हुई दुकानों के पास जा पहुंचे। इस दौरान उनकी आपस में खूब झड़प हुई। इसमें दो युवकों के कपडे़ फट गए।
एक का हाथ लहूलुहान हो गया। यह झड़प बढ़ता ही जा रहा था। स्थिति यह हो गई कि स्टेडियम में मैच देख रहे लोग मैच छोड़ कर झगड़ा देखने के लिए जुट गए। सड़क पर जाम लग गया। बाद में किसी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मारपीट कर रहे युवकों को पकड़ा। इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को वहां से हटाया। एसएचओ कुलदीप कृष्ण के अनुसार युवकों पर केस दर्ज कर लिया गया है। उनके अनुसार लगभग तीन हजार रुपये के लेनदेन पर झड़प हुआ।