उधमपुर। पंचायत बट्टल के डुगली गांव के वार्ड पांच की जर्जर सड़क की समस्या दूर करने के लिए ग्रामीणों ने शुक्रवार को सड़क की मरम्मत का काम स्वयं शुरू किया।
ग्रामीणों का कहना है यह गांव जिला मुख्यालय से महज आठ किलोमीटर की दूरी पर है और यहा छोटी सी सड़क बनाने के लिए बीते करीब एक दशक से लोगों को संघर्ष करना पड़ रहा है। स्थानीय सोमराज, अशोक शर्मा, दीवान चंद, कृष्ण लाल, संजीव शर्मा, सुदेश कुमार व अन्य ग्रामीणों का कहना है कि करीब साढ़े तीन सौ मीटर लंबा रोड से तारकोल पूरी तरह से उखड़ चुका है। कई बार विभाग से इसे बनाने की मांग की गई लेकिन कुछ नहीं हुआ।
हर साल ग्रामीण स्वयं श्रमदान से इस सड़क की मरम्मत कर इसको चलने लायक बनाते हैं। इस बार भी बरसात का आगमन हो चुका है और सड़क के गड्ढों में पानी भरने के साथ ही काफी ज्यादा कीचड़ और फिलसन बढ़ गई है। विभाग और प्रशासन से मरम्मत की गुहार लगाने के बाद भी जब समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण स्वयं इसकी मरम्मत के काम में जुट गए हैं।
ग्रामीणों से प्रशासन व सरकार से अपील की है कि जल्द से जल्द इस सड़क की मरम्मत करवाकर राहत प्रदान की जाए।