कटड़ा। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शुक्रवार को माता वैष्णो देवी का आशीर्वाद लेने पत्नीके साथ जम्मू से कटड़ा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने माता के भवन में प्राकृतिक पिंडियों के समक्ष माथा टेका और देश की सुख-शांति के लिए प्रार्थना की।
शुक्रवार सुबह नौ बजे राष्ट्रपति जम्मू से विशेष हेलिकॉप्टर में सवार होकर कटड़ा पहुंचे। उनका हेलिकॉप्टर बैट्री कार मार्ग स्थित पंछी हेलिपैड पर उतरा। यहां उनका स्वागत उप राज्यपाल मनोज सिन्हा, मंडलायुक्त रमेश कुमार, श्राइन बोर्ड के सीईओ अंशुल गर्ग, डीआईजी उधमपुर-रियासी रेंज सुलेमान चौधरी व अन्य अधिकारियों ने किया। यहां से बैटरी कार में सवार होकर राष्ट्रपति माता के भवन पहुंचे।
कुछ देर विश्राम करने के उपरांत सुबह 10 बजे राष्ट्रपति ने माता वैष्णो देवी के चरणों में हाजिरी लगाकर विशेष पूजा की और देश की सुख-शांति की कामना की। माता के दर्शन करने के उपरांत भवन पर राष्ट्रपति को श्राइन बोर्ड ने माता की विशेष चुनरी, प्रसाद और चित्र देकर सम्मानित किया।
राष्ट्रपति ने विजिटर बुक पर अपने अनुभव भी साझा किए। इसके बाद वे भवन से रोपवे में भैरव घाटी गए और बाबा भैरव नाथ के आगे शीश नवाया। यात्रा पूर्ण करने के बाद राष्ट्रपति हेलिकॉप्टर में जम्मू रवाना हो गए।
सुरक्षा कारणों से रोकी गई हेलिकॉप्टर सेवा
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर भक्तों के लिए कटड़ा से सांझी छत के लिए हेलिकॉप्टर सेवा को रोका गया था। भवन से लेकर सभी मार्गों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इस बीच यात्रा आम दिनों की तरह ही जारी रही। हालांकि, जितने समय तक राष्ट्रपति माता के समक्ष रहे, उतने समय तक भवन में आम यात्रियों को जाने की अनुमति नहीं मिली।