दुकान के बाहर युवक को कोरोना वैक्सीन लगाती स्वास्थ्य विभाग की टीम
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। जिले में वीरवार को कुल 2795 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई है। सुबह से दोपहर तक लोग वैक्सीन के लिए केंद्रों में पहुंचते रहे। वहीं, मोबाइल टीमें शहर व ग्रामीण इलाकों में पहुंचकर लोगों को दुकानों के बाहर व रास्ते में रोक कर वैक्सीन लगा रही हैं।
बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने पहली खुराक में सौ प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त करने में कामयाबी हासिल कर ली है। अब दूसरी खुराक के लक्ष्य को पूरा करने के लिए तेजी से काम शुरू कर दिया है। वीरवार शाम तक विभाग ने कुल 2795 लोगों को वैक्सीन लगाई गई है। जानकारी के अनुसार 18 से 44 आयु वर्ग में 470 लोगों को पहली और 1791 लोगों को दूसरी खुराक दी गई। वहीं, 45 से 60 आयु वर्ग में 25 लोगों को पहली और 236 को दूसरी और 60 से अधिक आयु वर्ग में आठ लोगों को पहली और 265 को दूसरी डोज लगाई गई है।
विभाग ने अब तक कुल 633529 वैक्सीन लगाने में कामयाबी हासिल की है। इनमें 422962 लोगों को पहली और 210567 लोगों को दूसरी डोज लगाई जा चुकी है। दूसरी डोज में विभाग ने निर्धारित लक्ष्य का 50.02 प्रशित हासिल कर लिया है। विभाग की टीमें शहर व ग्रामीण इलाकों में पहुंचकर वैक्सीन लगा रही हैं।