उधमपुर। जिले में स्वास्थ्य विभाग ने 99.73 प्रतिशत लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक लगाने में कामयाबी हासिल कर ली है। बुधवार को विभाग सौ प्रतिशत लक्ष्य को पूरा कर लेगा। इसके बाद दूसरी खुराक के लिए निर्धारित लक्ष्य को पाने के प्रयास तेज किए जाएंगे।
मंगलवार शाम तक विभाग ने कुल 2634 लोगों को वैक्सीन लगाई। जिले में अब केवल केंद्रों में ही नहीं, बल्कि घरों और ग्रामीण इलाकों में पहुंच कर भी वैक्सीन लगाई जा रही है। हर रोज करीब तीन हजार से अधिक लोगों को वैक्सीन लगाने का काम किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को 18 से 44 आयु वर्ग में 555 लोगों को पहली और 1621 लोगों को दूसरी खुराक दी गई।
इसी तरह 45 से 60 आयु वर्ग में 42 लोगों को पहली और 222 लोगों को दूसरी और 60 से अधिक आयु वर्ग में पांच लोगों को पहली और 189 को दूसरी खुराक लगाई गई। सबसे अधिक रामनगर में 1043 लोगों को वैक्सीन लगाई गई है। शाम तक स्वास्थ्य विभाग के पास 17990 खुराक का भंडार मौजूद था।
विभाग ने जिले में 420925 लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। मंगलवार शाम तक 419783 लोगों को पहली खुराक लगाने में कामयाबी हासिल कर ली है। स्वास्थ्य विभाग ने निर्धारित लक्ष्य का 99.73 प्रतिशत प्राप्त कर लिया है। बुधवार को सौ प्रतिशत लक्ष्य पूरा हो जाएगा। वहीं, 204168 लोगों को दूसरी डोज लगाई गई है, जोकि निर्धारित लक्ष्य का 48.50 प्रतिशत है।