उधमपुर के चिनैनी में गर्ल्स हाई स्कूल की छात्राओं ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। स्कूल के पांच शिक्षकों को अन्य स्कूल के साथ जोडे़ जाने के विरोध में छात्राओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि बीच सेशन में उनके शिक्षक नहीं बदले जाने चाहिए।
जिला उधमपुर के चिनैनी के गर्ल्स हाई स्कूल के पांच शिक्षकों को रेशनलाइजेशन के तहत अन्य स्कूलों के संग जोड़ने का निर्देश जारी हुआ है। गुरुवार को स्कूल में इसकी जानकारी मिलते ही माहौल गरमा गया। विभिन्न कक्षाओं की छात्राएं इकट्ठी होकर जेडईओ कार्यालय पुहंचीं। उन्होंने मार्ग को बंद कर कार्यालय का घेराव करते हुए निर्देश का विरोध किया। इसके बाद छात्राएं एसडीएम के कार्यालय भी पहुंची।
विज्ञापन
प्रदर्शन कर रही छात्राओं ने कहा कि परीक्षाओं का समय नजदीक है। अधर में शिक्षकों को अटैच नहीं किया जाना चाहिए। इसका असर सीधे उनकी पढ़ाई और भविष्य पर पड़ेगा। अगर इस तरह का निर्णय लिया जाना था तो उसे सेशन के शुरू या अंत में लिया जाना चाहिए था। वहीं, मौके पर एसडीएम चिनैनी छात्राओं से बात करने के लिए पहुंचे। उन्होंने छात्राओं की समस्या समझ उन्हें शांत कराया और उनकी परेशानी को उच्च अधिकारियों के समक्ष ले जाने का आश्वासन दिया।