जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उधमपुर के पास एक बस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और नौ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए उधमपुर सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उधमपुर के नजदीक खेरी इलाके में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक महिला की मौत हो गई और करीब दर्जनभर लोग घायल हो गए।
विज्ञापन
मिली जानकारी के अनुसार, एक मिनी बस जो चिनैनी से उधमपुर की ओर आ रही थी, खेरी क्षेत्र में चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सामने से आ रहे एक सीमेंट मिक्सर वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मिनी बस सड़क पर ही पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद सीआरपीएफ और पुलिस कर्मियों ने तुरंत बचाव और राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को उधमपुर के सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया। बाकी घायलों का इलाज जीएमसी उधमपुर में जारी है।
विज्ञापन
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) उधमपुर संदीप भट ने बताया कि हादसे में एक महिला की जान चली गई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। मृतका की अभी तक औपचारिक पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि वह चिनैनी के टांडार गांव की रहने वाली थी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।