कड़ी सुरक्षा के बीच निकलते वाहन।
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के केंद्र सरकार के निर्णय को लेकर देविकानगरी दूसरे दिन भी कड़े पहरे में रही। पूरा शहर सुरक्षाबलों केे निगरानी में रहा। चप्पे चप्पे पर सुरक्षाबल तैनात नजर आए। ज्यादातर मार्गों पर तारबंदी की गई और हर जाने वाले पर नजर रखी गई। पाबंदी के कारण शहरवासियों को भी दिन भर परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि अभी तक इस पाबंदी का किसी ने विरोध नहीं किया है।
मंगलवार को दूसरे दिन जब शहरवासी घरों से बाहर निकले तो सड़कों व चौक चौराहों पर सुरक्षाबल मुस्तैदी के साथ तैनात नजर आए। शहर के एमएच चौक, गोल मार्केट, मुखर्जी बाजार, इंदिरा चौक, एमएच चौक व शहर के विभिन्न हिस्सों पर सुरक्षाबलों ने तारबंदी कर रखी थी। जब कोई घर से बाहर निकल कर शहर की सड़कों पर पहुंचा तो सुरक्षाबलों ने उसको वापस घर की लौटने के निर्देश जारी कर दिए। सड़कों पर निजी वाहनों की आवाजाही पर किसी तरह का प्रतिबंध नहीं था। सुरक्षाबल पूछताछ के बाद सभी को जाने दे रहे थे।
देविकानगरी के बाजार में दूसरे दिन भी पसरा सन्नाटा
देविकानगरी का बाजार दूसरे दिन भी पूरी तरह से बंद रहा। दूसरे दिन भी बाजार की सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ था। बाजार की सड़कों पर चंद लोग चलते फिरते नजर आ रहे थे। बाजार में भी ज्यादातर सुरक्षाबल ही नजर आ रहे थे। बाजार दूसरे दिन भी बंद रहने के कारण दुकानदार थोड़े मायूस और परेशान जरूर है। दुकानदारों का कहना है कि उम्मीद है कि जल्द ही हालात सामान्य होंगे और बाजार में रौनक लौटेगी।
शहर व ग्रामीण इलाकों में बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था
सोमवार के मुकाबले में मंगलवार को शहर के अंदर ज्यादा सुरक्षाबल तैनात नजर आए। प्रशासन व पुलिसि किसी प्रकार की लापरवाही नहीं करना चाहती थी। शहर के साथ लगते ग्रामीण इलाकों में भी सुरक्षाबलों को तैनात कर दिया गया था। किसी को भ समूह बनाकर बैठ कर चर्चा करने का समय नहीं दिया गया।