उधमपुर स्थित सैला तालाब इलाके में लगा जाम।
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। दिन में प्रतिबंध के बावजूद शहर में ट्रकों का पहुंचना जारी है। रविवार को एक ट्रक सामान उतारने के लिए सैला तलाब इलाके में पहुंचा और फिर इसके कारण घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही। जिसके कारण शहरवासी दिन भर परेशान रहे और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करते रहे।
गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले मेटाडोर के दुर्घटना का शिकार होने के बाद डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट ने सुबह से शाम तक ट्रकों के शहर में प्रवेश करने पर रोक लगा दी थी। सामान उतारने के लिए कोई भी ट्रक शहर के अंदर प्रवेश नहीं कर सकता है, लेकिन इसके बावूजद शहर में ट्रकों का पहुंचना जारी है। रविवार दोपहर करीब 12 बजे सामान उतारने के लिए ट्रक सैला तालाब में पहुंचा। जैसे ही ट्रक ने सैला तालाब में प्रवेश किया, देखते ही देखते जाम की स्थिति पैदा हो गई। देखते ही देखते जाम में फंसे वाहनों की कतार वीनस चौक पहुंच गई। इसके बाद जब तक ट्रक सैला तालाब में रहा, तब तक जाम की स्थिति पैदा हो गई, जिसके कारण शहरवासी परेशान रहे। शहरवासियों में पुलिस प्रति बहुत ज्यादा रोष देखने को मिला। शहरवासियों का कहना था कि आए दिन शहर में ट्रकों के कारण इस तरह की परेशानी सामने आती है। प्रतिबंध के बावजूद दोपहर के समय शहर के अंदर ट्रक कैसे प्रवेश कर सकता है। जिन स्थानों से ट्रक पुलिस के जवान तैनात रहते हैं। उनको सख्त निर्देश दिए गए है कि कोई भी ट्रक शहर के अंदर प्रवेश नहीं करेगा, लेकिन इसके बावजूद ट्रक शहर के अंदर प्रवेश करते हैं। पुलिस के जवान जान कर भी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं और इसी कारण शहरवासी परेशानियों से जूझने को मजबूर हैं। उनकी मांग है कि दिन में शहर में प्रवेश करने वाले ट्रकों पर सख्त कार्रवाई की जाए।