उधमपुर। बलिनाला इलाके में पलटी कार से घायलों को निगालते लोग। संवाद
- जीएमसी उधमपुर में कराया गया भर्ती, हालात स्थिर
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। बरसात में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हादसों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। बुधवार को भी हुए एक कार हादसे में उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी एक ही परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए। सभी को जीएमसी उधमपुर में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह जम्मू से श्रीनगर की ओर जा रही स्विफ्ट कार (यूपी20-सीएस2576) जिला मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर बलिनाला इलाके में पलट गई। बताया जा रहा है कि चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठ जिस वजह से हादसा हुआ। हादसे के बाद राहगीरों और सीआरपीएफ के जवानों ने राहत कार्य को अंजाम दिया। घायलों को सुरक्षित कार से बाहर निकालने के बाद वाहन को सीधा किया गया। पुलिस की मदद से वाहन सवार तीन घायलों को जीएमसी उधमपुर भर्ती कराया गया है। वहां उनका उपचार जारी है।
तीनोें घायल उत्तर प्रदेश के बिजनौर के रहने वाले हैं। उनकी पहचान रईस अहमद (55) , उनकी पत्नी मीना (50) और उनके पुत्र मुजम्मिल (27) वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कार चालक के नियंत्रण से बाहर होने पर राजमार्ग स्थित मोड़ पस्सी इलाके में डिवाइडर से जा टकराई।
हाईवे पर लगातार बढ़ रहे हादसे
बता दें कि एक सप्ताह पहले बुधवार के ही दिन मांड इलाके में एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई थी। इसमें मनवाल निवासी एक युवक की मौत हो गई थी जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। कुछ दिन पहले बट्टल वालियां चौक पर एक अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से अमरनाथ यात्रियों से भरी इनोवा हादसे का शिकार हो गई थी। इस हादसे में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी छह श्रद्धालु घायल हो गए थे। वहीं, रविवार को बट्टल वालियां इलाके में ट्रक की चपेट में आने से दो गायों की मौत हो गई थी।