जम्मू संभाग के साथ लगते जिला उधमपुर के ओमाड़ा इलाके में बुधवार को एक स्कूली बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में बस में सवार करीब 20 बच्चों को चोटें आई हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और सेना की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। तुरंत बच्चों को बाहर निकाला गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल दाखिल कराया गया है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, उधमपुर के ओमाड़ा में रोज की तरह एक निजी स्कूल की बस बच्चों को उनके घर छोड़ने के लिए स्कूल से निकली। बस चालक ने बताया कि बस का स्टेयरिंग फ्री हो गया, जिससे बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दौरान खिलखिलाते हुए घरों को जा रहे बच्चों से भरी बस में चीख पुकार मच गई। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस और सेना की टीम ने बचाव अभियान चलाते हुए तुरंत बच्चों को बाहर निकाला। घायलों बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल दाखिल कराया गया है। स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों को सूचित किया गया है। उधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।