शुक्रवार को कसबे के राजकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के बाहर देश विरोधी नारे लगाने के मामले में पुलिस ने रविवार को दो बाहरी युवकों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि स्कूल में ही पढ़ाने वाले छात्र को ढूंढने के लिए पुलिस की एक टीम को भेजा गया है। इससे पहले आरोपी छात्र काे स्कूल से सस्पेंड कर दिया गया है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को स्कूल के भीतर दो युवकों की आपस में हुई बहसबाजी और सामान्य मारपीट के बाद स्कूल के छात्र ने दो बाहरी युवकों के साथ मिलकर स्कूल के बाहर देश विरोधी नारेबाजी की गई थी। उसके विरोध में शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्यों ने स्कूल के बाहर जोरदार हंगामा किया था।
आरोपियों को पकड़ने की मांग पर प्रदर्शन किया। उसके बाद एसएसपी और स्कूल प्रशासन ने इस मामले में उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसी मामले में रविवार को पुलिस ने दो उन बाहरी युवकों को दबोच लिया, जो देश विरोधी नारे लगाने में शामिल थे।
एसएसपी रियासी विवेक गुप्ता के अनुसार लोगों की शिकायत पर पुलिस ने तीनों युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। इनमें से दो नामजद को पकड़ लिया गया है। स्कूल के बाहर घटी इस घटना के बाद कसबे के लोगों और हिंदू संगठनों के बीच काफी रोष है। उनके द्वारा इस प्रकरण में शामिल युवकों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की जा रही है।
कसबे के लोगों में स्कूल प्रशासन के प्रति भी गुस्सा है। क्योंकि जिस दिन स्कूल के बाहर देश विरोधी नारेबाजी की गई थी, उसी दिन स्कूल प्रशासन की ओर से केस दर्ज नहीं करवाया गया। ऐसा नहीं करना गैर जिम्मेदराना रवैया है। लोगों के मुताबिक कुछ शरारती तत्वों के द्वारा क्षेत्र का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है जो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।