उधमपुर। जिले में वीरवार को कोरोना संक्रमण के दो नए मामले मिले हैं, जबकि एक व्यक्ति महामारी को मात देने में कामयाब रहा हैं। मौजूदा समय में 53 मामले शेष हैं। जिले में कोरोना के मामलों में कमी आने पर प्रशासन को राहत मिल रही है, लेकिन कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या में कमी आने पर थोड़ी चिंता भी सता रही है।
अगस्त महीने के शुरूआत में ही जिले में कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी होना शुरू हो गई थी। एक सप्ताह तक औसतन सात से अधिक मामले सामने आए और इससे स्वास्थ्य विभाग को थोड़ी चिंता भी सताने लगी थी। लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना टेस्टिंग में तेजी लाई और फिर इसमें लाने में कामयाबी हासिल कर ली है।
बुधवार को जिले में बाहरी राज्य से लौटने केवल एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया था। वीरवार को दो लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें एक रामनगर और दूसरा बसंतगढ़ में संक्रमित पाया गया है। एक ने कोरोना को मात देने में कामयाबी हासिल की है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में कोरोना के कुल मामले 11357 हो गए हैं। इनमें से 11167 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। 137 की संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले में अब 53 सक्रिय मामले बचे हैं।