डिश रिचार्ज करने के मुद्दे पर रविवार को दो गुटों में खूनी झड़प हो गई। इस झड़प में दोनों तरफ से कुल पांच लोग घायल हो गई। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। इस बीच पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है।
जानकारी के अनुसार नजीर अहमद बागवान ने एक दिन पहले डिश रिचार्ज करवाने के लिए बाजा ब्रदर्स दुकान पर गया था। रिचार्ज कर भी दिया गया, लेकिन नजीर का डिश रिचार्ज नहीं हुआ। इसके बारे में रविवार को नजीर दुकानदार से पूछने पहुंचा। दुकानदार ने कहा कि उसे जो नंबर दिया गया, उसी पर रिचार्ज किया है। हो सकता है कि गलत नंबर दे दिया गया हो। इसी बात पर कहा-सुनी हो गई।
इस बीच किसी युवक ने नजीर अहमद के बेटों को कहा कि उसके पिता का दुकानदार के साथ झगड़ा हुआ है। बताया जाता है कि आनन-फानन में नजीर के बेटे कोई हथियार लेकर मौके पर पहुंचा और दुकानदार और उनके भाइयों पर वार कर दिया, जिसमें चार लोग गंभीर रूप घायल हैं। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस ने नजीर अहमद और उनके पुत्र मंसूर व माजिद को गिरफ्तार कर लिया। झड़प में नजीर अहमद को भी चोटें लगी हैं। उसे भी जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। गंभीर घायलों में दुकानदार इश्तियाक वाजा, इखलाक बाजा, इम्तियाज वाजा और फिदा हुसैन शामिल हैं।