बरगद का पेड़ गिरने से क्षति हुई पुलिस पोस्ट।
कटड़ा । कटड़ा-उधमपुर मार्ग पर करीब दो किलोमीटर दूर कटड़ा हेलिपैड टर्मिनल के पास स्थापित सेरली पुलिस चेक पोस्ट पर शनिवार सुबह करीब छह बजे बरगद का पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। इस वजह से कटड़ा-उधमपुर मार्ग पूरी तरह से बाधित हो गया। पेड़ गिरने से चेक पोस्ट पर स्थापित सीआरपीएफ की टीन शेड क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के मुताबिक जिस समय हादसा पेश आया उस समय पुलिस कर्मियों के साथ सीआरपीएफ के जवान वाहनों की जांच कर रहे थे। इसे मां वैष्णो देवी की कृपा ही कहेंगे कि हादसे में किसी भी जवान को चोट नहीं आई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय निवासी मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों के साथ राहत व बचाव कार्य शुरू किया। भारी भरकम बरगद के पेड़ को हटाने के लिए दो जेसीबी मशीनें मंगवाई गईं।
करीब तीन घंटे बाद मार्ग से पेड़ को हटाने के साथ ही यातायात बहाल किया गया। इससे पहले मार्ग के दोनों और वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं । स्थानीय निवासी तथा मजदूर दस्तकार यूनियन के उप प्रधान बंसी लाल शर्मा ने बताया कि जो पेड़ गिरा है, वह करीब डेढ़ सौ साल पुराना था। बीत लगभग पांच दिन से मूसलाधार बारिश हो रही है जिस कारण पेड़ के नीचे से तेजी से मिट्टी निकलने से यह पेड़ गिरा।