- न तो रेहड़ी वाले रेहड़ी जोन में जाने को तैयार, न ही दुकानदार दुकानों के बाहर सामान रखने से बाज आ रहे
- शहर में बिना लाइसेंस वाली रेहड़ियों की भरमार, अति व्यस्त बाजारों में बढ़ रहा अतिक्रमण
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। शहर के अति व्यस्त बाजारों में अतिक्रमण बढ़ने से रोज जाम लग रहा है। लोग नगर परिषद से जाम से निजात दिलाने की मांग तो कर रहे हैं, लेकिन स्वयं पहल करने को तैयार नहीं हैं। न रेहड़ी वाले रेहड़ी जोन में जाने को तैयार हैं, न ही दुकानदार दुकानों के बाहर सामान रखने से बाज आ रहे हैं।
हालांकि नगर परिषद की ओर से समय-समय पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाता है, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हो रहा। सलाथिया चौक से लेकर कोर्ट रोड, रामनगर चौक, मुखर्जी बाजार, गोल मार्केट में स्थित बाजारों में सड़क के दोनों ओर रेहड़ियां लगी हुई हैं। इनके कारण दिन में कई बार जाम लगता है। लोग कई बार नगर परिषद से अतिक्रमण को हटाने के साथ रेहड़ी जोन बनाने की मांग कर चुके हैं ताकि अतिक्रमण की वजह से लगने वाले जाम से निजात मिल सके। नगर परिषद ने भी कल्लर क्षेत्र में रेहड़ी जोन बनाने को लेकर प्रयास किए थे, जो सफल नहीं हुए। शहर में रेहड़ियों की भरमार हो चुकी है। दोपहिया वाहन चालकों को गुजरने के लिए पूरा रास्ता नहीं मिलता।
बाजारों से गुजरना मुश्किल हो गया है
बेशक नगर परिषद की ओर से आए दिन शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर अवैध तरीके से लगी रेहड़ियों को जब्त किया जाता है, लेकिन इसके बावजूद लोगों को जाम की स्थिति से निजात नहीं मिल पा रही। शहर के अति व्यस्त बाजारों से गुजरना मुश्किल हो गया है। जाम के कारण दुकानदारों का व्यापार प्रभावित हो रहा है। ग्राहक दुकान तक पहुंचने से कतराते हैं। -विशाल गुप्ता
-
नगर परिषद जल्द से जल्द रेहड़ी जोन बनाए
शहर में बिना लाइसेंसशुदा रेहड़ियों की भरमार है। जब तक रेहड़ी जोन नहीं बनता है, जाम से निजात नहीं मिल सकती। नगर परिषद से मांग है कि जल्द से जल्द रेहड़ी जोन बनाए। हालांकि परिषद अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर जाम की स्थिति से लोगों को छुटकारा दिलाने का प्रयास करती रहती है, जब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाएंगे, तब तक शहरवासियों को जाम से छुटकारा नहीं मिलेगा- उत्तम चंद
दुकानदारों ने भी दुकानों के बाहर सामान लगा
अति व्यस्त बाजारों में जाम लगने की वजह से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अगर सलाथिया चौक से लेकर रामनगर चौक तक की बात करें तो सड़क के दोनों ओर लगी रेहड़ियों की वजह से लोग परेशान हैं। जाम लगने पर पैदल चलने वाले राहगीरों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इतना ही नहीं, जहां एक तरफ रेहड़ी वालों ने अपना कब्जा जमा रखा है तो वहीं कुछ दुकानदारों ने भी दुकानों के बाहर सामान रखकर अतिक्रमण किया हुआ है। -रोमेश कुमार
-
नगर परिषद जाम की स्थिति से निजात दिलाए
शहर के बाजारों से अतिक्रमण व जाम की स्थिति से लोगों को निजात दिलाने के लिए नगर परिषद को कड़े कदम उठाने की जरूरत हैं ताकि लोगों को आ रही समस्या से निजात मिल सके। साथ ही अतिक्रमण पर भी अंकुश लगाया जा सके। नगर परिषद से मांग है कि शहरवासियों को जल्द से जल्द जाम की स्थिति से निजात दिलाए। -संजीव कुमार
कोट...
विभाग की ओर से लगातार शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर लोगों को जाम से निजात दिलाने का प्रयास किया जाता है। इतना ही नहीं शहर में दुकानों के बाहर दुकानदारों द्वारा अपना सामान रखने वालों पर भी कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद की ओर से शहर में रेहड़ी जोन बनाने को लेकर प्रयास किए जा रहे है। ताकि लोगों को शहर में जाम की स्थिति से न जूझना पड़े।
- विशाल सडोत्रा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद