चिनैनी। मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए सैलानी जम्मू संभाग के विभिन्न हिल स्टेशनों का रुख कर रहे हैं। रविवार को बड़ी संख्या में सैलानी दूसरे राज्यों से जम्मू संभाग के विकसित पर्यटन स्थल पटनीटाप, नत्थाटाप व सनासर पहुंचे और गर्मी से राहत पाई। सैलानियों ने पूरा दिन देवदारों की छांव में बैठकर अपने आप को तरोताजा किया।
पटनीटाप का पारा इस समय मैदानी इलाकों के मुकाबले लगभग आधा है। ऐसे में पटनीटाप, सनासर व नत्थाटाप में पहुंचे सैलानियों ने मौसम का आंनद लिया। बच्चो ने झूले झूलकर अपना मनोरंजन किया। पटनीटाप के पार्कों में सैलानियों की आवाजाही दिनभर जारी रही। उधर दूसरी और कई सैलानी गर्मी का पारा चढ़ने के बाद सुद्धमहादेव, मानतलाई की और भी निकल पड़े। किसी ने लाटी, डुडू पहुंचकर वहां के कुदरती मौसम का आंनद लिया।