उधमपुर। पंचायत लोअर रैंबल के एससी मोहल्ला में पानी की नियमित आपूर्ति नहीं होने से ग्रामीण काफी परेशान हैं। उनका कहना है कि उनके क्षेत्र में कई-कई दिन तक पानी की आपूर्ति नहीं होती है। कभी-कभार बमुश्किल दस मिनट के लिए पानी आता है। इससे लोगों को पीने का पानी भी पूरा नहीं मिल पाता है।
स्थानीय निवासी ओम प्रकाश, संजय कुमार, पूनम देवी, मनोहर आदि ने कहा कि आसपास के क्षेत्रों में नियमित रूप से पर्याप्त पानी की आपूर्ति दी जा रही है, लेकिन उनके मोहल्ले में पानी की आपूर्ति ठीक से नहीं होने के कारण क्षेत्रवासियों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। भीषण गर्मी में भी वे जलशक्ति विभाग की मनमर्जी के कारण पानी के लिए प्राकृतिक जलस्रोतों पर निर्भर हैं। उनके घरों में पानी के कनेक्शन तो दिए गए हैं। लेकिन उनमें पानी कभी कभार ही आता है। पानी की कमी को दूर करने के लिए क्षेत्र में हैंडपंप की भी सुविधा नहीं हैं। इसकी वजह से उन्हें भीषण गर्मी में रोजाना घंटो का पैदल सफर तय कर बावलियों से पानी लाना पड़ता है। कई बार संबंधित विभाग को समस्या से अवगत करवाया गया है। इसके बावजूद भी अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। इसके कारण उन्हें इस भीषण गर्मी के मौसम में भी पानी की गंभीर समस्या से जूझना पड़ रहा है। इसलिए जिला प्रशासन से अपील है कि जल्द समस्या का निवारण कराया जाए।