उधमपुर। पंचैरी को पर्यटक गांव के रूप में तैयार करने के बाद जिला प्रशासन ने रामनगर तहसील के कुलवंता को पर्यटन गांव के रूप में विकसित करने के लिए तैयारियां शुरू कर दी है।
पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों को इसके लिए एसडीएम और बीडीओ के साथ संपर्क करने को कहा है। कुलवंता में भी ग्रामीणों के घरों में पर्यटकों को होम स्टे की सुविधा देने की तैयारी है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ग्रामीण इलाकों को पर्यटन गांव के रूप में विकसित करने के लिए जिला प्रशासन तेजी से काम कर रहा है।
कड़ी मशक्कत कर कम समय में पंचैरी को पर्यटन गांव के रूप में तैयार करने में कामयाबी हासिल की है। सोमवार को डिवकॉम ने इसका उद्घाटन भी कर दिया है, और पर्यटक पंचैरी पहुंचने भी लगे हैं। अब प्रशासन ने कुलवंता गांव को पर्यटन गांव के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी हैं। कुलवंता रामनगर तहसील में है। यहां की सुंदर वादियां भी पंचैरी और पटनीटॉप की तरह आकर्षित करती हैं।
इस स्थान पर कुछ पर्यटक तो जाते हैं, लेकिन सुविधाएं न मिलने के कारण पर्यटकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अब पर्यटकों को सुविधाएं प्रदान करने के लिए ग्रामीणों को तैयार किया जाएगा। पंचायत प्रतिनिधियों को होम स्टे के लिए ग्रामीणों को तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इसके साथ लोक संस्कृति से संबंधित कलाकारों को भी पर्यटकों के मनोरंजन के लिए तैयार किया जाएगा।
-----
जल्द होगा कमेटी का गठन
इन सभी को एसडीएम और बीडीओ के साथ संपर्क करने को कहा गया है। सभी इन सभी अधिकारियों के साथ मिलकर तैयारी करेंगे। जल्द ही प्रशासन की तरफ से इसके लिए कमेटी का गठन किया जाएगा, जोकि कुलवंता गांव जाकर होम स्टे, खाने पीने की वस्तुएं, पालकी, घोड़ा, टूरिस्ट गाइड के रेट निर्धारित करेगी। स्थानीय युवाओं को टूरिस्ट गाइड का प्रशिक्षण देकर तैयार किया जाएगा। इसकी जानकारी मिलने के बाद रामनगर के लोगों में भी बहुत उत्साह है।