चिनैनी। चिनैनी में हुई तेज बारिश से जहां तापमान में गिरावट आई है वहीं, नदी-नालों के जलस्तर में भी काफी बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही सड़कों में जलभराव हुआ है। डायवर्जन में पानी के बहाव में बढ़ोतरी होने से घंटों यातायात बाधित रहा है, जिस कारण वाहन चालकों और यात्रियों को परेशानियों का सामना करन पड़ा है।
चिनैनी के वार्ड दो में एक मकान में पानी घुसने से काफी नुकसान हुआ है। चिनैनी-पट्टनगढ़ मार्ग पर आधा दर्जन डायवर्जन में पानी का बहाव बढ़ने से वाहनों की आवाजाही घंटों प्रभावित रही। चिनैनी-दोमेल से मुख्य चौक चिनैनी व सुद्धमहादेव-दोमेल तक सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी रही। तेज बारिश के बीच बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पटनीटॉप और नत्थाटॉप में तेज बारिश के बाद तापमान काफी लुढ़क गया है। एसडीएम परवेज अहमद नायक ने बताया कि अभी तक क्षेत्र में किसी भी नुक्सान की सूचना नही है। बंद नालियों को लेकर संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं।