किश्तवाड़। जिले के दच्छत स्थित होंजड़ गांव में मंगलवार को छठे दिन भी तलाशी अभियान जारी रहा है, लेकिन लापता ग्रामीणों का कोई सुराग नहीं मिला है। बारिश के चलते सुबह के समय तलाशी अभियान को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा है।
गौरतलब रहे कि होंजड़ गांव में 27 जुलाई को बादल फटने से आई बाढ़ ने काफी तबाही मचाई है। इसमें 19 लोग लापता हुए हैं। इस संदर्भ में पुलिस, सेना, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों की ओर से तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को छठे दिन भी अभियान जारी रहा है, लेकिन शाम तक कोई सुराग नहीं मिला है। इससे पहले मंगलवार सुबह नौ बजे अभियाशन शुरू करते ही बारिश आरंभ होने से बाधा उत्पन्न हुई।
डीसी अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि अभी तक लापता लोगों का कोई सुराग नहीं मिला है। तलाशी अभियान जारी है। अभी कोई फैसला नहीं किया गया है। मंगलवार से घटनास्थल से और नीचे की ओर तलाश की जा रही है। इसके साथ ही लोगों की सहायता और पुनर्वास के लिए भी प्रयास जारी हैं। जिला प्रशासन हर संभव मदद कर रहा है। हादसे के दूसरे और तीसरे दिन ही लोगों के रहने के लिए 25 टेंट, 50 क्विंटल राशन, दालें सहित अन्य सामान उपलब्ध करवा दिया था। बिजली और पानी की आपूर्ति के लिए भी काम जारी है। उम्मीद है कि दो दिन में व्यवस्था बहाल हो जाएगी। रेडक्रॉस की तरफ से काफी सामान भेजा है। डीएफओ को मकानों के निर्माण के लिए निशुल्क लकड़ी मुहैया करवाने के निर्देश दिए हैं।