जिले के दूरदराज इलाका बोंजवाह तहसील के किथर में मनरेगा के तहत काम कर रहे चार मजदूरों पर पहाड़ी खिसक कर आ गिरी। इस हादसे में दो की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बड़ी मुश्किल से जिला अस्पताल तक पहुंचाया गया।
दूरदराज इलाका बोंजवाह तहसील के किथर में रविवार की शाम के समय मनरेगा का काम कर रहे चार मजदूरों पर अचानक पहाड़ी खिसक कर आ गिरी। मलबे में दबे मजदूरों में स्थानीय मो. यासीन और मो. दाऊद बक्करवाल की मौत हो गई। दो को कड़ी मशक्कत से बाहर निकाल लिया गया।
उन्हें सोमवार को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। दरअसल, किथर गांव किश्तवाड़ की सीमा पर स्थित है। जहां पर न तो मोबाइल सुविधा है और न ही कोई सड़क है। इस इलाके से बोंजवाह मुख्यालय तक करीब आठ घंटे का सफर है, जिसमें छह घंटे पैदल चलना पड़ता है।
इस घटना की सूचना ज्वालापुर बोंजवाह पुलिस पोस्ट को देर रात को मिली। तब घायलों को लाकर प्राथमिक उपचार दिया गया। सोमवार की सुबह को किश्तवाड़ के जिला अस्पताल में घायल मो. शफी और हसन दीन निवासी किथर को भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है।