चिनैनी। वीरवार शाम को बावली से पानी लेने गए हेमराज (55) पुत्र सूरन चंद निवासी नगुलता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में चचेरे भाई के घर से मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर और शुक्रवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिवार के हवाले कर दिया है। मृतक के परिजनों ने चचेरे भाई और उसके परिवार पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर पूछताछ के लिए पांच लोगाें को हिरासत में लिया है।
वीरवार देर शाम करीब साढे़ सात बजे हेमराज पानी लेने के लिए बावली पर गया था। इसके बाद जब वह काफी समय तक घर नहीं लौटा तो परिवार ने तलाश शुरू की। बाद में उसका शव चचेरे ईशर दास के घर में मिला। सूचना के बाद एसडीपीओ अहमद शाफी जरगर टीम सहित देर रात ही मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं, एफएसएल टीम ने सबूत जुटाए। शव को कब्जे में लेकर सीएचसी चिनैनी पहुंचाया और शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर पूछताछ के लिए पांच लोगों को हिरासत में लिया है।
परिवार ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक हेम राज के बेटे नीरज और मोहिंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि पिता की हत्या उनके चचेरे भाई और परिवार ने मिलकर की है। वह वीरवार देर शाम को बावली से पानी लेने गए थे। इस दौरान चचेरे भाई ईशर दास व उनके परिवार ने रंजिश के चलते उनकी पिटाई की। वहीं, घसीट कर अपने घर ले जाकर कमरे में बंद कर दिया। उन्हें भी घर के अंदर नहीं जाने दिया गया। मृतक के छोटे भाई नंद लाल ने कहा कि उनके बड़े भाई की हत्या चचेरे भाई व उनके परिवार ने की है।
वीरवार रात को मामले जानकारी मिली है। इसके बाद मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया है। इस दौरान पीड़ित परिवार ने हेमराज से मारपीट करने, घर में घसीट कर ले जाने और हत्या का आरोप लगाया है। मामला पुलिस ने दर्ज कर लिया है। वहीं, पूछताछ के लिए पांच लोगों को हिरासत में लिया है।
- रमेश अत्री, सरपंच, नगुलता पंचायत