बिरमा नाले में हुए धमाके में मारे गए तीनों सगे भाइयों को एक साथ एक ही कब्र में दफनाया गया। यह दृश्य सभी को विह्वल कर रहा था। पूरे इलाके में मातम का माहौल रहा।
बता दें कि जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग से एक किलोमीटर दूरी पर बिरमा नाले में हुए मोर्टार शेल धमाके में बुधवार को तीनों भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई थी। पुलिस ने तीनों के शवों के चीथड़ों को इकट्ठा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा था।
पोस्टमार्टम के बाद उसे घरवालों को सौंप दिया गया। वीरवार की सुबह से ही मृतक के घर पर लोगों का तांता लगना शुरू हो गया था। सब इस दर्दनाक धमाके को लेकर परिवार को सांत्वना दे रहे थे। घरवालों ने तीनों भाइयों के शवों के टुकड़ों को एक साथ ही उधमपुर मेटाडोर स्टेंड के निकट स्थित कब्रिस्तान में दफना दिया।
दरअसल, तीनों शवों की हालत ऐसी थी कि उन्हें अलग कब्र भी नसीब नहीं हो सकी। चौथा भाई छह वर्षीय मासूम गुगली को भी अपने भाइयों का चेहरा देखना नसीब नहीं हुआ। उसे मात्र इतना पता था कि उसके साथ खेलने वाले भाई अब इस दुनिया में नहीं हैं। शोक ग्रस्त परिवार के साथ सांत्वना देने के लिए हर कोई पहुंचा।