किश्तवाड़। पुलिस ने लंबे समय से फरार एक और पूर्व आतंकी को गिरफ्तार किया है। जैश ए मोहम्मद का यह पूर्व आतंकी 20 वर्षों से फरार था। जिला पुलिस ने पिछले कुछ समय के दौरान 5 पूर्व आतंकी गिरफ्तार कर लिए हैं।
रविवार को मढ़वा थाना क्षेत्र के नौगाम इलाके में पुलिस ने पूर्व आतंकी बशीर अहमद उर्फ जफर खान निवासी नौगाम को गिरफ्तार किया। वह पिछले 20 वर्षों से गिरफ्तारी से बच रहा था। विश्वसनीय सूत्रों से मिली पुख्ता सूचना के बाद पुलिस की विशेष टीम ने एसडीपीओ निसार अहमद खोजा की देखरेख में एसएचओ इंस्पेक्टर परवेज अहमद खांडे के साथ छापा मारा और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एफआईआर 42/2001 यू/धारा 302,364/120बी/आरपीसी 7/27 आईए थाना मढ़वा में मामला दर्ज था। थाना प्रभारी ने आरोपी को न्यायालय किश्तवाड़ के समक्ष पेश किया। आरोपी को न्यायिक हिरासत में रखा गया है। पिछले दो माह से आतंकियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जितने भी आतंकी फरार हैं और आतंकी घटनाओं में उनके खिलाफ मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं, उन पर शिकंजा कसा जा रहा है।