पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में पड़ रही कड़ाके की सर्दी का लाभ उठाते हुए चोरों ने शहर के लोगों की नींद हराम कर रखी है। चोरों ने एक के बाद एक लगातार चोरियों को अंजाम देते हुए सोमवार रात को आदर्श कालोनी स्थित ईदगाह को अपना निशाना बनाया।
वहां से पूरा गल्ला ही उठाकर चोर ले गए। औकाफ ट्रस्ट के अधिकारी शकील शाह ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। ईदगाह के कर्मचारियों के अनुसार जब उन्हाेंने सुबह उठकर देखा तो ईदगाह के अंदर सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था।
ईदगाह में रखा चंदे का गल्ला गायब था जबकि चार अन्य गल्लों के लॉक टूटे पड़े थे, जिससे हजारों की नकदी भी गायब थी। उन्हाेंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके से चोरी के साक्ष्य जुटाकर मामला दर्ज किया और कार्रवाई शुरू कर दी।
इस वारदात पर भड़के स्थानीय लोगों ने बढ़ रही चोरी की वारदातों के लिए पुलिस विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार बताया। इसके कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। कुछ महीनों से शहर के विभिन्न हिस्सों में चोरी की वारदातें हो रही हैं। पुलिस किसी चोर को पकड़ नहीं पाई है।
बता दें कि पंचैरी में तीन-चार महीने पहले एक ही रात में बारह दुकानों के ताले तोड़ कर सामान व नकदी उड़ा ली गई थी। पुलिस अभी तक इस मामले को पूरी तरह से सुलझा नहीं पाई थी कि दिसंबर में फिर एक ही रात में ताबड़तोड़ पांच दुकानों को अपना निशाना चोरों ने बनाया। इससे लोगों के रातों की नींद हराम हो गई है।