उधमपुर। सेना की उत्तरी कमान ने मिलिट्री स्टेशन उधमपुर में कार्यक्रम का आयोजन कर वर्ष 1971 में हुए भारत-पाकिस्तान युद्ध की 50वीं वर्षगांठ को स्वर्णिम विजय वर्ष के रूप में मनाया।
इस अवसर पर उत्तरी कमान के सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल वाईके जोशी ने युद्ध में सशस्त्र बलों के सर्वोच्च बलिदान की याद में स्वर्णिम विजय द्वार समर्पित किया। उनकी अध्यक्षता में ध्रुव युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि समारोह भी आयोजित हुआ, जहां उन्होंने उत्तरी कमान की सभी रैंकों की ओर से माल्यार्पण कर सभी सैनिकों को श्रद्धांजलि भेंट की। साथ ही उन्होंने देश के सैनिकों के अदम्य साहस, अटूट उत्साह और दृढ़ संकल्प पर भी प्रकाश डाला।
इस मौके पर उन्होंने 1971 के युद्ध में भाग लेने वाले दो पैरा वीर चक्र और 18 महावीर चक्र से सम्मानित जवानों की प्रतिमाओं का अनावरण भी किया। इसके अतिरिक्त सेना कमांडर ने उधमपुर में खालरा साइकिलिंग अभियान को हरी झंडी दिखाई। स्वर्णिम विजय वर्ष की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह अभियान 7 दिसंबर 2021 को राखमुठी मिलिट्री स्टेशन से शुरू हुआ था। इसमें 14 सैनिकों की एक टीम ने 10 दिनों में 650 किलोमीटर की दूरी तय की। पूर्व सैनिकों (युद्ध नायकों सहित), नागरिकों और सेवारत सैनिकों ने पूरे मार्ग में इस अभियान का उत्साह के साथ स्वागत किया।
सेना कमांडर ने कहा कि 16 दिसंबर 1971 को सेना ने अपने पराक्रम से लगभग 93 हजार पाकिस्तानी सशस्त्र सैनिकों को आत्मसमर्पण के लिए मजबूर किया था। यह ऐतिहासिक जीत अद्वितीय उपलब्धि का प्रतीक है। यह युद्ध तत्कालीन पूर्वी पाकिस्तान में उत्पीड़ितों की मुक्ति और बांग्लादेश के गठन के लिए हमारे सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान को चिह्नित करता है। इसकी 50वीं वर्षगांठ को इस वर्ष स्वर्णिम विजय वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। कार्यक्रम में शहीद सैनिकों के परिवारों के अलावा सैन्य अधिकारी, पूर्व सैनिक और सेवारत सैनिकों ने मुख्य रूप से भाग लिया।
उधमपुर में स्वर्णिम विजय वर्ष समारोह में शहीदों को समर्पित स्वर्णिम द्वार- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर में स्वर्णिम विजय वर्ष समारोह में प्रतिभागियों से बातचीत करते जीओसी इन सी ले. जनरल वाईके ज- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर में स्वर्णिम विजय वर्ष समारोह में श्रद्धांजलि अर्पित करते जीओसी इन सी ले. जनरल वाईके जोशी- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर में स्वर्णिम विजय वर्ष समारोह में श्रद्धांजलि अर्पित करते जीओसी इन सी ले. जनरल वाईके जोशी- फोटो : UDHAMPUR